मंगलवार को हमीरपुर के कैहडरू में बागवानी विभाग की एचपी शिवा परियोजना में विकसित मौसंबी और अनार के क्लस्टर का निरीक्षण करने के बाद जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों के साथ-साथ मध्यम एवं कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी फलदार पौधों को बढ़ावा दिया जाएगा।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि प्रदेश सरकार हिमाचल को फल राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य करेगी। मंगलवार को हमीरपुर के कैहडरू में बागवानी विभाग की एचपी शिवा परियोजना में विकसित मौसंबी और अनार के क्लस्टर का निरीक्षण करने के बाद जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों के साथ-साथ मध्यम एवं कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी फलदार पौधों को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बागवानी विकास परियोजना (एचडीपी) और एचपी शिवा परियोजना के माध्यम से हिमाचल के सभी जिलों में स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों एवं अनुकूल जलवायु के अनुसार बड़े पैमाने पर फलदार पौधों का रोपण सुनिश्चित करवाएगी।
विज्ञापन
कैहडरू में एचपी शिवा परियोजना में किए गए मौसंबी और अनार के पौधरोपण के काफी उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। नेगी ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट में विकसित किए गए कैहडरू और भलेऊ के क्लस्टरों में अच्छे परिणामों को देखते हुए आने वाले समय में हमीरपुर जिले जैसे कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एचपी शिवा परियोजना के माध्यम से फल उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। इस अवसर पर जगत सिंह नेगी ने बागवानों से सीधा संवाद भी किया और एचपी शिवा परियोजना के संबंध में फीडबैक लिया। बागवानी विभाग के उपनिदेशक राजेश्वर परमार ने बागवानी मंत्री को हमीरपुर में विकसित किए गए क्लस्टरों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।