उधर, उत्तर प्रदेश के मेरठ में चल रहे अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में मंडी के पंडोह से अर्जुन वाघवा के शतक से हिमाचल ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच में वापसी कर ली है। अर्जुन की शानदार पारी से हिमाचल की स्थिति मजबूत हुई है। पंडोह निवासी अर्जुन वाघवा के पिता सन्नी सिंह ने बताया कि पहली पारी में हिमाचल की टीम ने 136 रन बनाए। उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में 288 रन बनाए थे। इस पारी में उत्तर प्रदेश ने 152 रन की लीड ली थी, मगर हिमाचल की तरफ से अर्जुन ने दूसरी पारी में चट्टान की तरह खड़े रहते हुए 101 रन बनाए।
उनके साथी दक्ष नारायण ने 98 रन बनाए। इस तरह हिमाचल टीम ने 324 रन बनाए और उत्तर प्रदेश को अब 177 रन का लक्ष्य मिला है। चौथी पारी में अब यह लक्ष्य आसान नहीं है। मैच रोमांचक दौर में है। सन्नी सिंह ने बताया की उनका बेटा बचपन से ही क्रिकेट में काफी रुचि रखता है। अभी अर्जुन की उम्र 18 साल है और उसने छह साल की उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। कड़ी मेहनत के बलबूते हिमाचल की अंडर 19 क्रिकेट टीम में खेल रहा हैं। अर्जुन अब एक अंडर 19 क्रिकेट टीम का नेशनल खिलाड़ी बन चुका है। सन्नी सिंह भी कॉलेज के समय में एक बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं।
चंबा के साहिल ने लिए 7 विकेट
सलूणी क्षेत्र के साहिल शर्मा ने मेरठ में चल रहे टेस्ट मैच में सात विकेट चटकाए। इसके चलते जिले में खुशी की लहर है। साहिल की घातक गेंदबाजी के चलते उत्तर प्रदेश की टीम 288 रन पर आलआउट हो गई। हिमाचल की टीम का दूसरा मैच मेरठ में उत्तरप्रदेश के साथ चल रहा है। जिला क्रिकेट संघ के संयोजक मनुज शर्मा ने बताया कि साहिल ने बेहतरीन गेंदबाजी की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि साहिल आगामी मैचों में भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।