पहली मार्च से बंद हो जाएगा ट्रेन का संचालन, हर साल विंटर सीजन में चलाई जाती है स्पेशल ट्रेन
विज्ञापन
अब कालका से शिमला तक चलेंगी 5 ही ट्रेनें संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल लाइन पर चल रही हॉलीडे स्पेशल ट्रेन का संचालन बंद हो जाएगा। रविवार यानि पहली मार्च से यह ट्रेन अब नहीं चलेगी। विंटर सीजन खत्म होते ही रेलवे ने भी इसे बंद करने का फैसला लिया है।
यह ट्रेन सैलानियों की भीड़ को देखते हुए 28 दिसंबर को शुरू की थी। इसे 28 फरवरी तक चलाया जा रहा है। वर्तमान में कालका-शिमला रेल ट्रैक पर छह ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। पहली मार्च के बाद पांच ट्रेनें ही इस ट्रैक पर चलेंगी। रेलवे स्टेशन कालका के अधिकारियों ने बताया कि इस ट्रेन के संचालन को एक्सटेंड करने का अभी तक कोई आदेश नहीं मिला है। यह ट्रेन (04503) दोपहर 12:30 बजे कालका से रवाना होकर शाम 6:20 बजे शिमला पहुंचती थी।
विज्ञापन
इस दौरान ट्रेन के धर्मपुर, बड़ोग, सोलन, कंडाघाट में स्टॉपेज थे। यह ट्रेन (04504) शाम को 8:20 बजे शिमला से कालका के लिए चलती थी। बीच में कंडाघाट, सोलन, बड़ोग, धर्मपुर में ठहराव करते हुए रात 1:10 बजे कालका पहुंचती थी। हॉलीडे स्पेशल में ईवी कोच का किराया 950 रुपये तय किया गया था। वहीं फर्स्ट क्लास का 795 और सेकेंड का 80 रुपये तय किया गया था। गौरतलब है कि हर साल सैकड़ों सैलानी ट्रेन से शिमला पहुंचते हैं।
सैलानियों की पहली पसंद टॉय ट्रेन हर साल हजारों की संख्या में सैलानी क्रिसमस और नए साल पर शिमला पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क मार्ग की अपेक्षा टॉय ट्रेन सैलानियों की पहली पसंद है, क्योंकि घुमावदार पहाड़ों के बीच से जब टॉय ट्रेन गुजरती है तो नजारा देखने लायक होता है। दो महीने पहले साल की बची छुट्टियों, क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए सैलानियों का कालका से शिमला के लिए आवागमन शुरू हो गया था। सैलानियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया था।