कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू की हॉकी इंडिया की हिमाचल इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नियुक्ति रद्द कर दी गई है। हॉकी इंडिया ने कहा है कि संविधान में ऐसी कोई भी व्यवस्था नहीं है। करीब चार दिन पहले सुक्खू की नियुक्ति की जानकारी हॉकी इंडिया की मुख्य संरक्षक एवं आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स ने दी थी।
सूत्रों की मानें तो हॉकी इंडिया के अधिकृत पदाधिकारियों ने सुक्खू की इस पद पर नियुक्ति को संविधान सम्मत नहीं बताया है। हॉकी इंडिया ने कहा है कि उनके संविधान के अनुसार हॉकी इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का ऐसा कोई प्रावधान संविधान में नहीं है। मालूम रहे कि हॉकी इंडिया के हिमाचल इकाई के महासचिव अनुराग ठाकुर हैं।
भारतीय हॉकी की हिमाचल इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में सुक्खू ने कोचिंग शिविरों, खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, राष्ट्रीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ उन्हें पर्याप्त अवसर देने जैसी हॉकी से जुड़ी गतिविधियों का संचालन करना था।
स्टोक्स बोलीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाने पर होगा विचार
हॉकी इंडिया की मुख्य संरक्षक विद्या स्टोक्स ने कहा है कि संविधान में कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रावधान नहीं है। इसीलिए हॉकी इंडिया में इस नियुक्ति पर पुनर्विचार हो रहा है। अब सुक्खू को वरिष्ठ उपाध्यक्ष या उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।