अनुराग ठाकुर द्वारा हरोली में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का भूमि पूजन करने पर सियासत गरमा गई है। उद्योग मंत्री ने इसे सरासर श्रेय की राजनीति करार देते हुए कहा है कि स्वयं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कर कमलों से इस सड़क का भूमि पूजन करवाया जाएगा क्योंकि इस सड़क की स्वीकृति से लेकर इसकी डीपीआर बनवाने और इसके टेंडर लगवाने तक भाजपा नेताओं का लेशमात्र भी योगदान नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि हरोली के भाजपा नेता अपनी इस तरह की हरकतों से इलाके की जनता को गुमराह नहीं कर सकते। हरोली की जनता से भाजपा नेताओं की इस तरह की नौटंकी और ड्रामेबाजी छिपी हुई नहीं है। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में जनता द्वारा हाशिए पर धकेल दी गई हताश व निराश भाजपा नेताओं की टोली खुद तो गलत करती ही है और अब भाजपा
सांसद को भी अपने नापाक मंसूबों में शामिल करके जिस तरह राजनीतिक मर्यादाएं तोड़ने व अराजकता फैलाने की कोशिशें कर रही हैं, उसे हरोली के विकास पसंद जनता कभी सहन नहीं करेगी। रविवार को जारी बयान में उद्योग मंत्री ने कहा कि जिनका हरोली के विकास में न कोई योगदान है और न ही कोई दावा है, उनके द्वारा हरोली में किसी योजना का भूमि पूजन करना वस्तुस्थिति से आंखें चुराना और खुद को धोखा देने जैसा है।
अग्निहोत्री ने कहा कि ईसपुर-नगनोली सड़क की मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार ने जद्दोजहद की, एक साल लगाकर इसकी स्वीकृति की लड़ाई लड़ी, इसकी डीपीआर बनवाई और अब जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस सड़क के निर्माण का भूमि पूजन किया जाना था तो उनके दौरे से एक दिन पहले तमाम मर्यादाएं लांघकर इस सड़क का भूमि पूजन सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा करना यह दर्शाता है कि भाजपा नेता बिना काम का श्रेय लेने की किस तरह कोशिश करते हैं।
उद्योग मंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में जिस तरह हर चुनाव में भाजपा औंधे मुंह गिर रही है, उसकी टीस भाजपा नेताओं के क्रियाकलापों में साफ झलकती है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय जब हरोली हलके से उसके हाथ छीने गए, इस हलके के लिए स्वीकृत विकास के प्रोजेक्ट दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में ले जाए गए, तब हरोली के भाजपा नेता कहां सोए रहे और अब प्रदेश
सरकार द्वारा लगातार किए गए प्रयासों और पैरवी से हरोली को मिले विकास प्रोजेक्टों का किस अधिकार से भाजपा नेता भूमि पूजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता जो नई राजनीतिक परंपराएं डालने की कोशिश कर रहे हैं, वह सही नहीं है। हरोली की जनता समय आने पर एक बार फिर से भाजपा नेताओं को इसका माकूल जवाब देगी।