हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से मैट्रिक और जमा दो में फेल विद्यार्थियों का एक साल बर्बाद नहीं होगा। कंपार्टमेंट विद्यार्थियों को भी मार्च तक परीक्षा का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड फेल अभ्यर्थियों को राज्य मुक्त विद्यालय ट्रांसफर ऑफर क्रेडिट की सुविधा देगा।
इससे मार्च की वार्षिक परीक्षाओं में फेल अभ्यर्थी सितंबर में परीक्षा देकर साल बचा सकेंगे। परीक्षार्थी वार्षिक परीक्षाओं में फेल होने पर अपनी इच्छानुसार एसओएस से टीओसी आधार पर परीक्षा दे सकते हैं।
बोर्ड की मार्च में होने वाली वार्षिक परीक्षा का अप्रैल में परिणाम घोषित होने के बाद फेल अभ्यर्थियों को एक साल तक इंतजार करना पड़ता है। उत्तर पुस्तिका पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण का परिणाम भी बाद में आने से अभ्यर्थियों का एक साल बरबाद हो जाता था।
ऐसे में मार्च की परीक्षाओं में फेल, पुनर्मूल्यांकन या पुनर्निरीक्षण के बाद कंपार्टमेंट घोषित अभ्यर्थी सितंबर में होने वाली एसओएस की परीक्षाओं में टीओसी के माध्यम से परीक्षा दे सकेंगे। बोर्ड सचिव डॉ. हरीश गज्जू ने बताया कि अभ्यर्थियों को एसओएस के माध्यम से ट्रांसफर ऑफ क्रेडिट की सुविधा दी जाएगी।