यदि आप भी आशियाना खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी आई है। हिमुडा हिमाचल के कई शहरों में फ्लैट बेचने जा रहा है। हिमुडा नाहन, कालाअंब और धर्मशाला में 355 प्लॉट और फ्लैट बेचने जा रहा है।
जमीन फाइनल होने के बाद हिमुडा ने इसकी प्लॉटेशन कर दी है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से नक्शा पास हो गया है। अब फ्लैट का निर्माण किया जाना है। फ्लैट लेने के लिए हिमुडा ने लोगों से 31 दिसंबर तक आवेदन मांगे हैं।
आवेदकों को फ्लैट की कुल कॉस्ट की 10 फीसदी राशि पहले हिमुडा के पास जमा करवानी होगी। डिमांड आफ सर्वे के मुताबिक जिन लोगों ने सालों पहले हिमुडा के पास पहले आवेदन किया है, उन्हें प्लॉट और फ्लैट देने में प्राथमिकता दी जाएगी।
ऐसे किया जाएगा आवंटन
हिमुडा से मिली जानकारी के मुताबिक नाहन के त्रिलोकपुर में हिमुडा के पास 110 प्लॉट हैं। ये प्लॉट 66 से लेकर 250 स्कवेयर मीटर के हैं। 7400 रुपये प्रति स्कवेयर मीटर के हिसाब से इनका आवंटन होगा।
इसी तरह यहां 160 सिंगल रूम, 1 बीएचके, 2 बीएचके फ्लैट 30.90 से लेकर 125 स्केवयर मीटर की रनिंग कास्ट 11.70 से 48.70 लाख तक होगी। इसी तरह कालाअंब के मोगीनंद में 60.14 स्कवेयर मीटर से लेकर 264.20 स्कवेयर मीटर प्रति 9000 रुपये प्रति स्कवेयर मीटर के हिसाब से प्लॉट बेचे जाएंगे।
धर्मशाला के फ्लैट की ये है कीमत
इसी तरह धर्मशाला के सिद्धपुर में 14 फ्लैट हैं। ये फ्लैट 99.50 स्कवेयर मीटर से लेकर 123.90 स्कवेयर मीटर के हैं। इनकी कीमत 37.81 से लेकर 47.08 लाख तक है। हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा ने कहा कि जमीन का विभाजन कर दिया गया है।
जो व्यक्ति प्लाट के इच्छुक होंगे, उन्हें प्लाट दिए जाएंगे और जो लोग फ्लैट चाहते हैं, वह इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। हिमुडा उन्हें फ्लैट बनाकर देगा। हिमुडा के सीईओ दिनेश कश्यप ने कहा कि आवेदनकर्ता 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे।