जिला कांगड़ा की मनेई पंचायत के अक्षित डोगरा यूक्रेन के कार्किव में मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। वीरवार को भारत आने वाले थे, लेकिन रूस के हवाई हमले के बाद जहाज को वापस भेज दिया गया। बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए छात्रों को कार्किव में एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में रखा है। घर वालों से संपर्क हो रहा है। अक्षित ने घर वालों को चिंता न करने के लिए कहा है।
अक्षित के पिता विनय डोगरा ने बताया कि उनके बेटे का फोन आया है। कहा कि उनको मेडिकल यूनिवर्सिटी वाले तंग कर रहे हैं। रहने के रोजाना 50 डालर मांग रहे हैं। साथ ही खाने के अलग पैसे देने के लिए कह रहे हैं। उन्होंने विदेश मंत्री से मांग की है कि उनके बच्चों को सही से घर भेजने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने डीसी कांगड़ा से भी मांग की है कि इस मसले पर विदेश मंत्रालय से संपर्क कर समस्या का हल निकालने की बात की जाए।