मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को बताया कि राज्य सरकार सुनिश्चित कर रही है कि लोगों को आवश्यक वस्तुओें की होम डिलीवरी की जाए ताकि लॉकडाउन की अवधि के दौरान उनके आवागमन में कमी लायी जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य में खाद्य, दवाओं और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार है और किसी को भी चिंता नहीं करनी चाहिए क्योंकि सभी वस्तुओं की निर्बाध और निरंतर आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित की जा रही है।
सरकार ने विभिन्न वस्तुओं की होम डिलीवरी के लिए पूरे प्रदेश में 1706 विक्रेताओं को नामांकित किया है जिससे अब तक 12,82,334 लोग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हर घर में किराने की वस्तुओं की आवश्यकता होती है और 610 विक्रेताओं को राज्य के सभी हिस्सों में किराने की वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने के लिए नामांकित किया गया है जिससे 1,61,955 व्यक्ति लाभान्वित हुए हैं। इसी तरह फलों और सब्जियों की होम डिलीवरी के लिए 526 विक्रेताओं को नामांकित किया गया है जिससे 10,75,572 व्यक्ति लाभान्वित हुए हैं।