पुलिस के मुताबिक, गोली चलने के तुरंत बाद हालत इतने बिगड़ गए कि आशु पुरी के साथियों ने हमलावरों पर धारदार हथियारों तलवार और दराट से हमला कर दिया। इसमें पुरजिंद्र और गोली चलाने का आरोपी परमिंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। दोनों को ऊना अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां पुरजिंद्र की हालत नाजुक बताई जा रही है। वीरवार सुबह फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्किंग और आरोपियों की फॉर्च्यूनर गाड़ी से साक्ष्य एकत्र किए। एसपी अमित यादव ने बताया कि वारदात में परमिंद्र ने अपना लाइसेंसी हथियार इस्तेमाल किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। छह आरोपी हिरासत में लिए गए हैं और उनसे पूछताछ चल रही है।
आशु के सिर में गोली मार
बहडाला निवासी आकाश ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 8:15 बजे वे आशु पुरी का जन्मदिन मनाने रायजादा होटल पहुंचे। उसी समय होटल में गुरजीत मान, पुरजिंद्र उर्फ पिंदु, परमिंद्र, जसबिंद्र, हर्ष और मनिंद्र भी अपनी पार्टी कर रहे थे। कुछ देर बाद वे होटल से बाहर पार्किंग में पहुंचे। आशु ने केक काटा और वे सभी गाड़ी में गाने बजाकर जश्न मनाने लगे। तभी गुरजीत मान और अन्य आरोपी वहां पहुंचे।
आशु ने विरोध करने का कारण पूछा तो गुरजीत मान, पुरजिंद्र, परमिंद्र समेत अन्य ने गाली-गलौज के बाद मारपीट की। वे और उसके साथ किसी तरह आशु को छुड़ाकर ले गए। आरोप है कि इसी बीच गुरजीत और पुरजिंद्र ने परमिंद्र को पिस्टल थमाई और कहा-आशु के सिर में गोली मार दो। इतना कहने की देर थी कि परमिंद्र पिस्टल लेकर आशु की ओर भागा और उस पर गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद आशु पुरी वहीं गिर हो गया और उसकी मौत हो गई।