बीते 24 घंटे में बरठीं, हमीरपुर, ऊना, मंडी, कांगड़ा व बिलासपुर में शीतलहर दर्ज की गई। वहीं, पांवटा-साहिब, ऊना, कांगड़ा, मंडी, सोलन, बिलासपुर और हमीरपुर के कई क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 15 जनवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। 15 की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 16 से 19 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 19 जनवरी को मैदानी भागों में भी बारिश की संभावना है।
कुल्लू व लाहौल घाटी में मंगलवार को सुबह के समय बादल छाए रहे। कोकसर, अटल टनल रोहतांग, जलोड़ी दर्रा और दारचा में सुबह से शीतलहर चलने से पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को शिमला में अधिकतम तापमान 14.6, धर्मशाला में 19.0, ऊना में 18.4, नाहन में 18.8, सोलन में 19.2, मनाली में 15.2, कांगड़ा में 19.8 डिग्री रहा।