शुक्रवार को प्रदेश से मानसून की विदाई के साथ ही अब 15 नवंबर तक पोस्ट मानसून सीजन चलेगा। इस दौरान बीच-बीच में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश में 8 अक्तूबर की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय कई हिस्सों में 9 व 10 अक्तूबर को बारिश की संभावना है। 9 अक्तूबर के लिए कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। 11 व 12 अक्तूबर को मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष जुलाई और अगस्त में मानसून काफी सक्रिय रहा। इस बीच पश्चिमी विक्षोभ का भी प्रदेश में प्रवेश हुआ। बंगाल की खाड़ी से आई तेज हवाएं भी सक्रिय रहीं। इन सभी कारकों के एक साथ मिलने से बादल झमाझम बरसे।