मणिमहेश यात्रा पर गए अज्ञात युवक का शव गौरीकुंड में मिला है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र 32 से 33 साल के बीच है। उसके साथ और कौन आया था, इसकी पुलिस को जानकारी नहीं मिली है। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि गौरीकुंड में एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा है।
चिकित्सक को बुलाकर जांच करवाई गई तो वह मृत निकला। इसके बाद पुलिस ने शव को भरमौर पहुंचाया। इसे 72 घंटों के लिए शव गृह में रखा जाएगा। इस बीच, अगर उसकी पहचान नहीं हुई तो उसका डीएनए भी लिया जाएगा। पुलिस ने इसकी सूचना सभी थानों में दे दी है। पुलिस उप अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि गौरीकुंड में युवक का शव मिला है। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। सिविल अस्पताल भरमौर में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।