हिमाचल प्रदेश के कुल्लू सहित लाहौल-स्पीति की चोटियों पर मंगलवार दोपहर बाद बर्फ के फाहे गिरे हैं। जिससे घाटी के तापमान में गिरावट आई है। हालांकि सोलंगनाला से मनाली ओर पांगी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रही। रोहतांग दर्रा के साथ कुंजुम दर्रा, बारालाचा दर्रा, सेवन सिस्टर पीक, हनुमान टिब्बा, मकवरे और शिकवरे चोटियों में भी फाहे गिरे हैं। कुल्लू-मनाली सैर सपाटे को पहुंच रहे सैलानियों ने बर्फ में जमकर मस्ती की। सोलंगनाला, फातरू, अंजनी महादेव के अलावा सोझा में सुबह से शाम तक पर्यटकों का तांता लगा रहा। हालांकि इन दिनों सैलानियों की भीड़ में कमी आई है। उधर, लाहौल घाटी में पिछले दिनों हुई बर्फबारी से ग्रामीण इलाकों का जनजीवन अभी पूरी तरह से पटरी पर नहीं आया है। सासे मनाली में जलोडी दर्रा से लेकर लाहौल-स्पीति, पांगी, किलाड़ के अलावा मनाली-लेह, अटल टनल के साउथ व नोर्थ पोर्टल, तांदी सहित कई इलाकों में हिमखंड का खतरा बना हुआ है। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिला के ऊंचाई वाले खासकर जलोड़ी दर्रा तथा सोलंगनाला से लेकर अटल टनल रोहतांग तक बर्फ जमी है। जहां हिमखंड का खतरा है। ऐसे में सैलानी सतर्क रहें।
17 फरवरी की रात से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 17 फरवरी की रात से हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार जताए हैं। प्रदेश में बुधवार और गरुवार को मौसम साफ रहेगा। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में कुछ स्थानों पर 18 और 19 फरवरी को बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 19 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। प्रदेश में मंगलवार शाम तक 97 सड़कें और 19 पेयजल योजनाएं ठप रहीं। लाहौल-स्पीति जिले में 84, कुल्लू में 4, शिमला-मंडी में 3-3, चंबा में 2 और सोलन में एक सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप है। इसके अलावा लाहौल-स्पीति जिला में 15 और चंबा में 4 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से ठंडक में कमी दर्ज हुई है। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 25.2, बिलासपुर में 22.5, कांगड़ा में 21.8, सुंदरनगर में 21.3, हमीरपुर में 21.0, भुंतर में 20.5, धर्मशाला में 20.2, सोलन-चंबा में 20.0, नाहन में 19.7, शिमला में 13.5, कल्पा में 9.7, डलहौजी में 8.0, कुफरी में 7.1 और केलांग में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 8.4, कल्पा में माइनस 2.4, कुफरी में 0.8, मनाली-सोलन में 1.4, डलहौजी में 3.2, शिमला में 3.8 और धर्मशाला में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।