स्थानीय लोगों व पयर्टकों के लिए जरूरी एडवाइजरी
- मौसम के संबंध में जारी की गई किसी भी यातायात सलाह का पालन करें।
- संबंधित विभागों द्वारा जारी सलाह और दिशानिर्देशों का पालन करें।
- अपने गंतव्य के लिए रवाना होने से पहले अपने मार्ग पर यातायात की जांच करें।
- बर्फबारी के प्रति संवेदनशील इलाकों का रुख न करें
- तापमान कम होने के कारण पशुओं को घर के अंदर ही रखें, उन्हें रखने की पर्याप्त व्यवस्था करें।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 4.2, संदरनगर 2.2, भुंतर 1.9, कल्पा -2.6, धर्मशाला 6.4 , ऊना 4.2, नाहन 7.4, पालमपुर 3.5, सोलन 2.5, मनाली 1.1, कांगड़ा 5.0, मंडी 2.7, बिलासपुर 4.7, हमीरपुर 3.5, डलहौजी 3.7, जुब्बड़हट्टी 5.4, कुफरी 2.3 ,कुकुमसेरी -4.9, नारकंडा 0.4, भरमौर 3.7, रिकांगपिओ 0.3, सेऊबाग 2.0, धौलाकुआं 5.4, बरठीं 3.2, समदो -4.2, पांवटा साहिब 8.0, सराहन 2.5 और देहरागोपीपुर में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जनवरी में अभी तक सामान्य से 100 फीसदी कम हुई बारिश
प्रदेश में 1से 30 जनवरी के दौरान सामान्य से 100 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। प्रदेश के आठ जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, मंडी, सिरमौर, सोलन और ऊना में सामान्य से 100 फीसदी कम बादल बरसे हैं। शिमला, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा में सामान्य से 99 फीसदी कम बारिश हुई है।
बर्फबारी को लेकर सरकार तैयार, ईश्वर करे गिर जाए बर्फ : सुक्खू
सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बर्फबारी को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। भगवान से प्रार्थना है कि बर्फ गिर जाए। बर्फबारी से बागवानों को लाभ होगा। वह तो सुबह भी उठकर देख रहे थे कि बादल कहां हैं। बाकी भगवान की इच्छा पर निर्भर रहेगा। मंगलवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक प्राथमिकता बैठकों में सार्थक विचार रखे गए हैं। उनका यह मानना है कि सभी विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और वहां की मूलभूत समस्याओं से अवगत होते हैं। इस दृष्टि से हर वर्ष दो दिन वह प्लानिंग की बैठक करते हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी विधायक अपनी बात रखते हैं। शिमला में दृष्टिबाधितों के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट से पहले ऐसे कई आंदोलन होते हैं। सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है। नियम-कायदों को देखकर ऐसे मामलों में वह रियायत देना चाह रहे हैं।