हिमाचल में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट।
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से हिमाचल प्रदेश में दो फरवरी से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में दो से पांच फरवरी तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। हालांकि, पांच फरवरी को मैदानी भागों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश भर में धूप खिली। ऊना में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार और गुरुवार को मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा में कोहरा छाए रहने और बारिश का पूर्वानुमान जताया है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। 4 और 5 फरवरी को भी मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 20.6, सुंदरनगर में 19.4, कांगड़ा-धर्मशाला में 19.0, हमीरपुर में 18.8, भुंतर में 18.7, चंबा में 18.4, नाहन में 16.8, शिमला में 11.5, कल्पा में 7.3, डलहौजी में 5.1, कुफरी में 4.4 और केलांग में माइनस 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में इस बार जनवरी में 11 वर्षों में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। जनवरी में 173.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 93 फीसदी अधिक है। सबसे अधिक बारिश जिला सिरमौर में हुई है। जनवरी में हुई सामान्य से अधिक बारिश से प्रदेश में पेयजल स्रोत रिचार्ज हो गए हैं। कृषि और बागवानी के लिए भी बारिश-बर्फबारी को संजीवनी माना जा रहा है। प्रदेश फल-फूल एवं सब्जी उत्पादक संघ के अध्यक्ष हरीश चौहान ने बताया कि बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी से किसानों-बागवानों को राहत मिली है। सेब के पौधों के लिए भी इससे आवश्यक नमी उपलब्ध हो रही है। चिलिंग ऑवर्स भी पूरे हो पा रहे हैं। इससे सेब की फसल के अच्छा होने की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं, जिला कुल्लू में जनवरी माह में भारी बर्फबारी से साथ बारिश हुई है। इस दौरान सरकार को करीब 17 करोड़ रूपये का नुकसान हुआ है। सबसे अधिक जलशक्ति विभाग को 10.14 करोड़ तथा लोक निर्माण विभाग को 6.07 करोड़ की चपत लगी है। जिला प्रशासन ने नुकसान की रिपोर्ट सरकार को भेज दी है।
न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग -8.9
कल्पा -4.1
मनाली 0.6
कुफरी 1.1
सोलन 1.4
डलहौजी 1.6
सुंदरनगर 2.3
भुंतर 2.7
धर्मशाला 6.2
शिमला 3.2
पालमपुर 3.2
कांगड़ा 5.0
बिलासपुर 5.5
हमीरपुर 6.0
चंबा 4.0
जुब्बड़हट्टी 5.2