हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में छह दिनों तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश पूरे प्रदेश में चार सितंबर तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। सोमवार शाम तक मंडी और चंबा में 31 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। सात बिजली ट्रांसफार्मर भी बंद हैं। कुल्लू के सैंज, बंजार, मणिकर्ण में सोमवार को बारिश से नदी और नाले उफान पर हैं। बाह्य सराज को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोड़ने वाला हाईवे-305 बड़े वाहनों के लिए बहाल हो गया है।
25 दिन बाद हाईवे के बहाल होने से बाह्य सराज की 69 पंचायतों के साथ रामपुर, कुमारसैन और करसोग के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। बीते दिनों भारी बारिश होने से हाईवे-305 को भारी नुकसान पहुंचा है। जलोड़ी दर्रा से लेकर कांडूगाड़ तक भूस्खलन होने से सड़क को भारी क्षति पहुंची है। उधर, रविवार रात को शिमला सहित हमीरपुर, नयनादेवी, घुमारवीं, नालागढ़, नगरोटा सूरियां, गुलेर, झंडूता, जोगिंद्रनगर, डलहौजी, कांगड़ा और धर्मशाला में झमाझम बारिश हुई।
ये भी पढ़ें:
New Pay Scale: हिमाचल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को नए वेतनमान का मिलेगा पूरा एरियर, फार्मूला तैयार
कहां कितना तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
ऊना 33.2 23.2
बिलासपुर 32.3 24.0
कांगड़ा 31.4 22.3
चंबा 30.9 21.1
सोलन 30.2 20.1
हमीरपुर 30.1 21.2
धर्मशाला 28.4 18.4
नाहन 25.7 21.7
केलांग 22.3 9.2
शिमला 22.0 16.8