हिमाचल प्रदेश में मौसम तो खुल गया है लेकिन दुश्वारियां बरकरार हैं। प्रदेश में बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते शुक्रवार शाम तक 200 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। 284 बिजली ट्रांसफार्मर बंद रहने से कई क्षेत्रों में बिजली संकट गहरा गया है। लाहौल-स्पीति में 140, चंबा में 32, कुल्लू में 10, मंडी-शिमला में छह-छह, सिरमौर में तीन, कांगड़ा में दो और किन्नौर में एक सड़क ठप रही। जिला चंबा में 272 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में ब्लैक आउट हो गया है। लाहौल-स्पीति में भी 12 ट्रांसफार्मर ठप हैं। चंबा में 20 और लाहौल-स्पीति में दो पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।