इन जिलों में रेड अलर्ट
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से चंबा, कांगड़ा व मंडी जिले के लिए 25 अगस्त को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया। ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर व कुल्लू के लिए ऑरेंज अलर्ट है। शिमला व लाहाैल-स्पीति के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। 26 अगस्त को भी चंबा व कांगड़ा जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है जबकि मंडी व कुल्लू जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट है। 31 अगस्त तक राज्य के कई भागों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार 25 से 27, 30 और 31 अगस्त तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 28 और 29 अगस्त को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अगले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
कहां कितनी बारिश
बीती रात को काहू में 190.5, जोत 159.2, बरठीं 156.4, नयना देवी 148.4, घाघस 148.0, बिलासपुर 140.8, भटियात 140.2, मालरांव 120.0, अंब 111.0, अघार 110.6, बंगाणा 104.0, रायपुर मैदान 98.2, घमरूर 95.8, भरवाईं 94.4, नादौन 94.0, स्लापड़ 90.6, मुरारी देवी 90.2, धर्मशाला 87.4, भराड़ी 85.9, कसौली 85.0, सुंदरनगर 84.2, बलद्वाड़ा 84.0, सलूणी 83.3, ऊना 80.8, सुजानपुर टिहरा 80.0, धर्मपुर 68.6, देहरागोपीपुर 68.3, चंबा 67.0, बीबीएमबी 66.0, पालमपुर 65.4 व बग्गी में 64.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मानसून में अब तक 306 लोगों की गई जान
प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 25 अगस्त तक 306 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 367 लोग घायल हुए हैं। 38 लोग अभी लापता हैं। इस दाैरान 150 लोगों की सड़क हादसों में माैत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 3,656 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 2,819 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,843 पालतु पशुओं की माैत हुई है। नुकसान का कुल आंकड़ा 2,39,428.50 लाख रुपये पहुंच गया है।
बिलासपुर में कल भी बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान: डीसी
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि अगर जिले में मंगलवार को भी सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। बारिश से जिले में 96 करोड़ का नुकसान दर्ज किया गया है। उपायुक्त ने लोगों से आह्वान किया कि घरों में सुरक्षित रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करें। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 50 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं। लोक निर्माण विभाग की करीब 20 सड़कें बंद हैं। बिजली के पोल भी बंद हुए है। सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। फोरलेन खोलने के लिए भी एनएचएआई को उचित दिशा निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि नदी नालों से दूर रहें और कोई परेशानी होने पर डीडीएमए से संपर्क करें।
मुख्यमंत्री ने लोगों से जिला प्रशासन की सलाह का पालन करने का आग्रह किया
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए नदियों और नालों के पास न जाएं क्योंकि मौसम विभाग ने राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि लोगों को समय-समय पर जिला प्रशासन की ओर से जारी की गई सलाह का पालन करना चाहिए। सुक्खू ने जिला प्रशासन को भूस्खलन, सड़क अवरोध या अचानक बाढ़ की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा आवश्यक सेवाओं का सुचारू प्रवाह सुनिश्चित हो सके।