हिमाचल प्रदेश के सभी भागों में बुधवार को मौसम साफ रहा। चेतावनी के बावजूद बादल नहीं बरसने से अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऊना में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 13 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान जताया है। 10 और 11 जुलाई को मैदानी व मध्य पर्वतीय भागों में भारी बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
बुधवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 37.0, कांगड़ा 36.9, भुंतर 36.0, हमीरपुर 35.6, सुंदरनगर 35.3, चंबा 34.6, सोलन 34.5, नाहन 33.9, धर्मशाला 31.2, शिमला 26.6, कल्पा 26.3, केलांग 22.1 और डलहौजी में 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उधर, मंगलवार रात को ऊना में न्यूनतम तापमान 28.4, बिलासपुर 26.0, हमीरपुर 25.8, नाहन 25.2, कांगड़ा 24.7, मंडी 22.1, धर्मशाला 21.0, सोलन 20.7, शिमला 18.2, कल्पा 13.6 और केलांग में 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।