हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलना शुरू हो गया है। गुरुवार को कुल्लू-चंबा और कांगड़ा के कुछ भागों में झमाझम बारिश हुई। मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने से गरमी की वजह से लोगों की परेशानियां बरकरार रही। ऊना में गुरुवार को 42.5 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार से पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के आसार जताए हैं। पांच जुलाई तक बारिश-अंधड़ का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। सात जुलाई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है। चंबा में एक घंटे की मूसलाधार बारिश से हरदासपुरा-चामुंडा मार्ग पर विद्युत बोर्ड के विश्रामगृह के पास सड़क पर मलबा आ गया जिसकी जद्द में एक मारुति कार आ गई।
मुगला में आठ घरों में पानी व कीचड़ जा पहुंचा। भूस्खलन की वजह से 15 मार्गों पर यातायात ठप रहा। कुल्लू में लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत की सांस ली। गुरुवार शाम चार बजे तेज हवाएं चलने के साथ यहां बारिश शुरू हुई। राजधानी शिमला में दिन भर मौसम साफ रहा। सूबे में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। बुधवार रात को ऊना में न्यूनतम तापमान 27.5, बिलासपुर में 25.0, हमीरपुर में 25.4, नाहन में 25.1, कांगड़ा में 24.6, शिमला में 20.6, धर्मशाला-सोलन में 20.4 और मंडी में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
बिलासपुर 37.5
कांगड़ा 36.8
हमीरपुर 36.2
सुंदरनगर 36.1
चंबा 35.8
सोलन 35.5
भुंतर 35.3
नाहन 34.5
धर्मशाला 32.4
शिमला 28.4
कल्पा 26.5
डलहौजी 24.0
केलांग 22.2