हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। सात जून से पूरे प्रदेश में धूप खिलने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को ऊना में झमाझम बारिश हुई। कुल्लू के कई इलाकों में बारिश हुई। 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। शुक्रवार दोपहर बाद रोहतांग, मकरवे, शिकरवे, सेवन सीस्टर पीक, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, शेतीघार, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, ब्यास कुंड, मांगण कोट, दशौहर झील, भृगु झील, हामटा पास, शिरघन तुंग में ताजा हिमपात हुआ। इसके अलावा प्रदेश के कई इलाकों में मौसम मिला-जुला रहा।
कहीं धूप खिली तो कहीं हल्के बादल छाए रहे। राजधानी शिमला में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई। कांगड़ा में अधिकतम तापमान 33.5, भुंतर 32.2, नाहन 30.9, बिलासपुर 30.5, चंबा 30.7, सुंदरनगर 30.1, हमीरपुर 29.0, धर्मशाला 28.6, सोलन 27.2, ऊना 27.4, शिमला 22.8, कल्पा 22.0, डलहौजी 18.9 और केलांग में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
छह से 10 जून तक मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा में मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है। मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय जिलों किन्नौर व लाहौल स्पीति में सात जून से मौसम साफ रहने की संभावना है। शिमला में न्यूनतम तापमान 14.6, सुंदरनगर 16.7, भुंतर 14.9, कल्पा 7.6, धर्मशाला 17.8, ऊना 23.0, 14.6, नाहन 21.0, केलांग 7.2, पालमपुर 17.4, सोलन 15.4, मनाली 11.0, कांगड़ा 19.2, मंडी 17.2, बिलासपुर 21.2, हमीरपुर 21.4, चंबा 15.0, डलहौजी 10.9 और कुफरी में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।