प्रदेश के सभी डिग्री कॉलेजों में एनसीसी को ऐच्छिक विषय के तौर पर शुरू किया जाएगा। शुक्रवार को इस बाबत शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में एनसीसी को एक ऐच्छिक विषय के रूप में शुरू करने को लेकर एनसीसी के ग्रुप कमांडर, ब्रिगेडियर राजीव ठाकुर, शिक्षा सचिव राजीव शर्मा और उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा के साथ चर्चा की।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि एनसीसी को स्नातक कार्यक्रमों में शामिल कर देश और प्रदेश के युवा इससे लाभान्वित होंगे। प्रदेश सरकार सभी हितधारकों के साथ विमर्श कर जल्द ही एनसीसी को प्रदेश के महाविद्यालयों में एक ऐच्छिक विषय के रूप में शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने देश के महाविद्यालयों में एनसीसी को एक ऐच्छिक विषय के रूप में शुरू करने का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार के इस फैसले से देश के युवाओं में राष्ट्रीयता की भावना के साथ अनुशासन का भी निर्माण होगा।