पहाड़ों में हुई ताजा बर्फबारी से कुल्लू और लाहाैल-स्पीति जिला में शीतलहर बढ़ गई है। रोहतांग में दस और अटल टनल व जलोड़ी दर्रा में दो से तीन सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में शनिवार सुबह कुछ क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरे और अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के आसार हैं। अगले 1-2 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। फिर अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
जानें माैसम पूर्वानुमान
माैसम विभाग के अनुसार आज लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, चंबा के ऊंचे इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी और इन जिलों के शेष हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। निचले पहाड़ी/मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। इसी तरह 18 और 21 फरवरी को लाहौल-स्पीति, किन्नौर के अलावा चंबा के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 19 फरवरी को राज्य के कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 20 फरवरी को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 16 और 17 फरवरी को मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 6.5, सुंदरनगर 7.5, भुंतर 4.2, कल्पा 1.0, धर्मशाला 5.5, ऊना 7.0, नाहन 10.1, केलांग -3.3, पालमपुर 7.0, सोलन 5.0, मनाली 4.9, कांगड़ा 8.8, मंडी 8.8, बिलासपुर 7.5, चंबा 8.5, डलहाैजी 6.4, कुकुमसेरी -5.3, सेऊबाग 1.4, बरठीं 7.3, सराहन 4.3 व ताबो में -2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 27.4, बिलासपुर में 25.5, कांगड़ा में 24.1, मंडी में 23.3, नाहन में 23.0, चंबा में 22.2, सोलन में 22.0, धर्मशाला में 18.9, शिमला में 15.6, कल्पा में 6.9 और केलांग में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
विंटर सीजन में सामान्य से 78 फीसदी कम बारिश
राज्य में माैजूदा विंटर सीजन में 1 जनवरी से 15 फरवरी तक सामान्य से 78 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि के लिए 134.9 एमएम बारिश को सामान्य माना गया, लेकिन वास्तव में 29.6 एमएम बारिश ही हुई है। इससे प्रदेश में सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। बिलासपुर में सामान्य से 92, चंबा 75, हमीरपुर 90, कांगड़ा 88, किन्नाैर 90, कुल्लू 63, लाहाैल-स्पीति 73, मंडी 73, शिमला 81, सिरमाैर 87, सोलन 87 व ऊना में 90 फीसदी कम बारिश हुई है।