हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जारी तबाही के बीच राज्य सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज और डाइट को फिलहाल बंद रखने का फैसला लिया है। इस दाैरान ऑनलाइन कक्षाएं लगानी होंगी। बुधवार दोपहर इस संबंध में आदेश जारी किए गए। विद्यार्थियों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार की ओर से यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत सभी सरकारी-निजी कॉलेज व स्कूल, डाइट 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों को भी कॉलेज-स्कूल आने से छूट दी गई है। हालांकि, संबंधित संस्थानों के प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि जहां तक संभव हो, कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएं। छुट्टियों के दाैरान संस्थान प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के बुनियादी ढांचे और चल संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क रहें। यदि स्कूल की संपत्ति क्षतिग्रस्त हो जाती है या इन संपत्तियों के क्षतिग्रस्त होने की संभावना है, तो चल संपत्तियों और स्कूल रिकॉर्ड की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश कुछ भागों में इतने दिन बरसेंगे बादल
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कुछ भागों में 9 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। आज बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमाैर, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 4 व 5 सितंबर के लिए कुछ स्थानों के लिए येलो अलर्ट है। हालांकि, आज रात से माैसम में सुधार की संभावना है। 4 से 8 सितंबर तक कुछ स्थानों पर ही बारिश हो सकती है। वहीं बीती रात को नयना देवी में 136.0, जोत 100.6, पच्छाद 77.0, कोठी 68.4, चंबा 66.0, बिलासपुर 60.4, रोहड़ू 60.0, मनाली 57.0, पालमपुर 52.6, कसौली 49.5, कंडाघाट और ददाहू 48.0, सराहन 44.5, सोलन 43.6, काहू 4 43.5 व मालरांव में 40.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।