प्रदेश में गर्मी बढ़ने के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में पसीना छूटना शुरू हो गया है। मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रिकॉर्ड हुआ। बुधवार और गुरुवार को भी प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
पांच और छह अप्रैल को कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 34.4, कांगड़ा में 31.0, हमीरपुर में 30.5, सुंदरनगर में 30.3, बिलासपुर में 29.6, चंबा में 29.1, भुंतर में 29.0, नाहन में 28.6, सोलन में 26.5, धर्मशाला में 23.6, शिमला में 21.8, कल्पा में 18.6, डलहौजी में 16.6 और केलांग में 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
राज्य के मैदानी क्षेत्रों में चिलचिलाती धूप से दिन के समय सड़कों पर लोगों की चहलकदमी घट गई है। उधर, अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होना शुरू हो गई है।
सोमवार रात को मंडी में न्यूनतम तापमान 14.9, धर्मशाला में 13.8, कांगड़ा में 13.4, नाहन में 13.1, हमीरपुर में 13.0, ऊना में 12.7, शिमला में 11.2, डलहौजी में 10.3, मनाली में 4.6 और केलांग में 1.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।