निगुलसरी में हाईवे ठप, लोग परेशान
जनजातीय जिला किन्नौर के निगुलसरी में बाधित राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच करीब 24 घंटे बाद बहाल हुआ। मार्ग बहाल होते ही वाहनों की आवाजाही शुरू हुई और हजारों लोगों ने राहत की सांस ली। मंगलवार को दोपहर राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच का करीब 65 मीटर हिस्सा पूरी तरह से ढह गया था। इस कारण एनएच-पांच पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई और हजारों लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, एनएच प्राधिकरण ने मंगलवार रात करीब 12:00 बजे तक बाधित एनएच को बहाल करने के लिए कार्य किया और बुधवार सुबह छह बजे से 12:00 बजे तक एनएच को बहाल करने में जुटा रहा। कड़ी मशक्कत के बाद एनएच प्राधिकरण ने एनएच को बहाल किया। 65 मीटर ध्वस्त हुई सड़क को नई ट्रेस निकालकर एनएच को बुधवार करीब 12:00 बजे यातायात के लिए बहाल किया। मार्ग बहाल होते ही हजारों लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, सेब और मटर से लदे वाहनों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। एनएच प्राधिकरण के कनिष्ठ अभियंता सतीश जोशी ने कहा कि एनएच का करीब 65 मीटर हिस्सा पूरी तरह से ढहने के बाद नए सिरे से ट्रेस बनाकर एनएच को बहाल किया गया। एनएच को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर किया गया। एनएच पांच पर वाहनों की आवाजाही सुचारु चल रही है। वहीं निर्माणाधीन एनएच-3 पर टौणी देवी के दरकोटी में बुधवार सुबह अचानक सड़क धंसने के कारण एक ट्रक पहाड़ी से नीचे गिर गया।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 14.4, सुंदरनगर 18.4, भुंतर 19.3, कल्पा 11.8, धर्मशाला 17.9, ऊना 21.2, नाहन 22.1, केलांग 8.4, पालमपुर 16.5, सोलन 18.6, मनाली 14.2, कांगड़ा 19.6, मंडी 19.1, बिलासपुर 21.4, चंबा 21.4 , डलहाैजी 13.7, कुकुमसेरी 9.6, भरमाैर 15.4, समदो 14.8, कसाैली 16.7, पांवटा साहिब 22.0, देहरा गोपीपुर 25.0, ताबो 11.2, मशोबरा 14.4, नेरी 21.6 व सैंज में 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सितंबर में अभी तक सामान्य से 13 फीसदी अधिक बारिश
राज्य में 1 से 18 सितंबर तक सामान्य से 13 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई। इस अवधी के लिए 84.5 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 95.8 मिलीमीटर बारिश हुई। बिलासपुर में सामान्य से 65, कांगड़ा एक, किन्नाैर 67, कुल्लू 33, मंडी 74, शिमला 72, सिरमाैर 59 व सोलन में 73 फीसदी अधिक बारिश हुई। वहीं चंबा में सामान्य से 23, हमीरपुर सात, लाहाैल-स्पीति 67 व ऊना में 35 फीसदी कम बारिश हुई।