16 मई तक माैसम खराब
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 16 मई तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। उधर, मंगलवार को मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने के साथ धूप खिलने से ऊना, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर जिला में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ। कुल्लू और लाहौल घाटी में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी मौसम खराब रहा। ऊंची चोटियों में बर्फबारी हुई। कुल्लू घाटी में सुबह से रुक-रुक कर बारिश हुई। जिला मुख्यालय के साथ आसपास के इलाकों में भी हल्की ओलावृष्टि भी हुई।
निजी बस के फ्रंट शीशे पर पहाड़ी से गिरे पत्थर
ढालपुर में लगे अस्थायी बाजार में व्यापारियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं पांगी के लिए चंबा से रवाना हुईं टैक्सियों में आठ सवार सचे जोत पर दो घंटे तक फंसे रहे। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी ने टैक्सी को सुरक्षित निकाला। मंगलवार शाम पांच बजे के करीब भरमौर-पठानकोट हाईवे पर जांघी के समीप पालमपुर-होली-चंबा रूट की निजी बस के फ्रंट शीशे पर पहाड़ी से पत्थर आ गिरे। पत्थरों के कारण चालक के हाथ में चोट लगी जबकि बस में सवार 45 सवारियां सुरक्षित हैं। चंबा में बीती रात और सोमवार सुबह हुई बारिश के कारण 92 ट्रांसफार्मर बंद होने से 460 गांवों में अंधेरा पसरा रहा।
केलांग में एक डिग्री पहुंचा रात का तापमान
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जारी बर्फबारी और बारिश के चलते सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा कुकुमसेरी में तापमान 4.3, ताबो में 5.5, कल्पा में 7.6, भरमौर में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।