हिमाचल प्रदेश के कई भागों में लगातार पांच दिन बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। आज भी लाहाैल-स्पीति के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी व चंबा व कांगड़ा में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। सोमवार को राजधानी शिमला व आसपास भागों में हल्के बादलों के साथ धूप खिली रही। वहीं मैदानी जिलों में लू जैसे हालात बनने लगे हैं और तापमान लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को ऊना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के सात जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और कुल्लू में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ मध्य पर्वतीय इलाकों में भी दिन के समय गर्माहट महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार के लिए कांगड़ा, कुल्लू, ऊना, मंडी और सोलन जिलों में गर्म हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।