13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर शुक्रवार को भी बर्फ के फाहे गिरे। वीरवार को भी रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे थे। कुल्लू और मनाली में दिनभर धूप खिली रही, लेकिन ऊंची चाेटियों पर हल्के बादल छाने के बाद बर्फ के फाहे गिरे। इससे ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों पर सफेद चांदी बिछने के बाद देशभर से पर्यटक मनाली और लाहौल-स्पीति की वादियों का रुख करेंगे। मौसम केंद्र शिमला के मुताबिक पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। आगामी दिनों में बारिश से किसानों को राहत मिल सकती है। 23 अक्तूबर को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 24 अक्तूबर को भी प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर वर्षा हो सकती है तो कई जगह हिमपात भी हो सकता है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 12.4, सुंदरनगर 12.1, भुंतर 10.6, कल्पा 4.4, धर्मशाला 15.6, ऊना 14.6, नाहन 17.9, केलांग 2.1, पालमपुर 12.5, सोलन 10.4, मनाली 8.2, कांगड़ा 14.2, मंडी 15.5, बिलासपुर 16.5, चंबा 14.1, डलहाैजी 13.7, कुफरी 10.9, नारकंडा 7.9, कुकुमसेरी 1.6, रिकांगपिओ 7.7, धाैलाकुआं 16.7, कसाैली 15.0, पांवटा साहिब 19.0, देहरा गोपीपुर 17.0, ताबो माइनस 0.9 व सैंज में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।