हिमाचल प्रदेश के कई भागों में चार दिनों तक बारिश-बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। शिमला सहित अन्य भागों में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। वहीं माैसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह धर्मशाला से मनाली विंटर कार्निवल के शुभारंभ के लिए रवाना नहीं हो सकें। खराब माैसम के चलते हेलीकॉप्टर की उड़ान नहीं हो पाई। हालांकि, शाम करीब चार बजे सीएम हेलीकॉप्टर से जोगिंद्रनगर पहुंचे। इसके बाद सड़क मार्ग से मनाली रवाना हुए। उधर, बीते दिन भी 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। चोटियों पर हल्की बर्फबारी के बाद कुल्लू और लाहौल स्पीति में शीतलहर तेज हो गई। खराब मौसम के बीच पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों में अटल टनल रोहतांग होकर लाहौल पहुंचे और बर्फ के बीच मस्ती की।