राजधानी शिमला में बुधवार की रात प्रदेश के अन्य स्थानों के मुकाबले सबसे गर्म रही। यानी यहां का न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे अधिक रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री रहा। ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा में सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक ज्यादा है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम चल रहा है।
उधर, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में शुक्रवार और शनिवार को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 24 दिसंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में शुक्रवार और शनिवार को धूप खिली रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी जिलों में दिन के समय धूप खिली रहने से रात के समय पहाड़ों की ओर गर्म हवाएं चलती हैं। इसके चलते ही शिमला, कुफरी, नारकंडा में रात का तापमान अधिक है। वीरवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।
हिमाचल के प्रमुख स्थलों का न्यूनतम तापमान
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
समदो - 4.7
मंडी - 1.8
सुंदरनगर - 0.1
भुंतर - 0.7
सोलन 0.5
ऊना 1.8
कल्पा 2.4
बिलासपुर 3.5
कांगड़ा 4.6
धर्मशाला 5.2
नाहन 7.2
नारकंडा 7.4
कुफरी 11.2
शिमला 11.4