फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Weather: हिमाचल में सात साल बाद पहाड़ों पर अक्तूबर के पहले हफ्ते में बर्फबारी, जानें पूरा मामला

Tue, 07 Oct 2025 06:03 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला/धर्मशाला

सार

लाहाैल-स्पीति, चंबा, किन्नाैर के ऊंचे इलाकों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। इससे पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्टेशनों के अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। 
विज्ञापन
पांगी का चलोली गांव बर्फ से सफेद हो गया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में इस बार अक्तूबर के पहले सप्ताह में ही उच्च पर्वतीय क्षेत्र बर्फ से लकदक हो गए हैं। लाहाैल-स्पीति, चंबा, किन्नाैर के ऊंचे इलाकों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। शिमला जिले के चांशल पीक पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। चंबा जिले में भारी बारिश और बर्फबारी ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। पांगी उपमंडल में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।  भरमौर, चुराह की ऊपरी चोटियों में जमकर बर्फबारी हुई है। अक्तूबर में बर्फबारी से  शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। अक्तूबर के पहले सप्ताह में दिसंबर जैसी ठंड महसूस हो रही। पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्टेशनों के अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। अधिकांश स्टेशनों का अधिकतम तापमान सामान्य से 6-14 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

विज्ञापन



मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में बदले मौसम के बीच सात साल बाद पहाड़ों पर अक्तूबर के पहले हफ्ते में बर्फबारी रिकॉर्ड हुई है। इससे पूर्व साल 2018 को 10 अक्तूबर के बाद बर्फबारी का दौर प्रदेश में शुरू हुआ था। औसतन अक्तूबर के तीसरे और चाैथे सप्ताह में बर्फबारी होती रही है। इस वर्ष पांच अक्तूबर से ही बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है।  हालांकि, अक्तूबर के तीसरे व चाैथे सप्ताह में साल 2023 व 2024 को छोड़कर रिहायशी इलाकों में बर्फबारी होती रही है। 
विज्ञापन





 

लाहाैल के कई  रिहायशी इलाकों में एक फीट तक बर्फबारी
 अक्तूबर के पहले सप्ताह में बर्फबारी से कुल्लू व लाहौल का जनजीवन ठहर सा गया है। चोटियों के साथ लाहौल के ग्रामीण इलाके बर्फ से सफेद हो गए हैं। योचे गांव सहित कई इलाकों में एक फीट तक बर्फ दर्ज की गई। तीसरे दिन मंगलवार को भी बर्फबारी का दौर सुबह से जारी रहा। बर्फबारी के बाद घाटी कड़ाके की ठंड की चपेट में आई है। बर्फबारी के कारण बंद दारचा-लेह मार्ग पर करीब 200 ट्रक फंस गए हैं। वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान पच्छाद में 59.0, जटोन बैराज 58.0, कुकुमसेरी 56.7, कोठी 54.2, कंडाघाट 43.6, कसौली 42.8, नाहन 41.6, जोत 38.0, पांवटा साहिब 37.4 व सराहन में 35.5 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं गोंधला में 26.5, केलांग 20.0 और कुकुमसेरी 5.6 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।

इतने दिन बरसेंगे बादल
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य कुछ स्थानों में 9 अक्तूबर तक बारिश का दाैर जारी रह सकता है। 10 अक्तूबर से पूरे प्रदेश में माैसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। आज के लिए कई भागों में भारी बारिश, अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया गया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व लाहाैल-स्पीति के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट है। जबकि अन्य जिलों में अंधड़ चलने का भी अलर्ट है। 8 और 9 अक्तूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 

केलांग और कुकुमसेरी का पारा माइनस में पहुंचा
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.8, सुंदरनगर 13.1, भुंतर 10.0, कल्पा 3.0, धर्मशाला 14.8, ऊना 13.5, नाहन 15.1, केलांग -0.5, पालमपुर 11.5, सोलन 12.6, मनाली 6.1, कांगड़ा 15.2, मंडी 13.9, बिलासपुर 16.1, हमीरपुर 13.7, डलहाैजी 6.0, कुफरी 6.7, कुकुमसेरी -0.3, नारकंडा 4.9 , रिकांगपिओ 6.3, सेऊबाग 8.2, सराहन 13.1, ताबो 1.6 व बजाैरा में 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

होली में शिवनगरी सत्संग भवन के पास 20 मीटर सड़क धंसी
 खड़ामुख-होली सड़क पर शिवनगरी सत्संग भवन के पास 20 मीटर का हिस्सा जमींदोज हो गया। भारी बारिश के कारण मंगलवार सुबह भूस्खलन से सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण खड़ामुख से होली, होली से खड़ामुख के लिए  वाहनों के पहिये थम गए हैं। वाहनों के पहिए थमने से देखते ही देखते मार्ग पर वाहनों की कतारें लग गईं। अब नए सिरे से सड़क का डंगा नहीं लगने तक वाहनों की आवाजाही पर बंद रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें