हिमाचल प्रदेश में पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 23 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। वहीं, 19 नवंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर और लाहौल स्पीति के कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। उधर, बीते दिनों हुई बर्फबारी से शुक्रवार शाम तक प्रदेश की 118 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। लाहौल-स्पीति जिले में 108, कुल्लू में पांच, कांगड़ा में तीन और चंबा में दो सड़कें ठप रहीं। लाहौल-स्पीति जिले में नौ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। केलांग का न्यूनतम तापमान माइनस 6.9 और कुकुमसेरी का माइनस 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शुक्रवार सुबह बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी के एक-दो भागों में कोहरा भी छाया रहा।
प्रमुख शहरों का तापमान
शिमला का न्यूनतम तापमान 6.0, सुंदरनगर 4.0, भुंतर 3.1, कल्पा 1.6, धर्मशाला 8.2, ऊना 6.8, नाहन 11.1, केलांग माइनस 6.9, पालमपुर 5.5, सोलन 5.3, मनाली 0.6, कांगड़ा 7.0, मंडी 7.7, बिलासपुर 10.0, हमीरपुर 5.7, चंबा 8.8, डलहौजी 7.0, जुब्बड़हट्टी 7.4, कुफरी 5.2, कुकुमसेरी माइनस 6.4, नारकंडा 2.7, कोटखाई 3.9, रिकांगपिओ 4.0 और पांवटा साहिब में 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज दिया गया। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26.4, बिलासपुर 24.0, हमीरपुर 23.6, सोलन-नाहन 23.2, धर्मशाला 23.0, कांगड़ा 22.4, शिमला 17.0, मनाली 14.5, कल्पा 13.8 और केलांग में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।