जिला शिमला में सबसे अधिक बारिश हुई दर्ज
मानसून सीजन के दौरान जिला शिमला में सामान्य से 99 फीसदी अधिक बारिश हुई। बिलासपुर में 79, चंबा में 33, हमीरपुर में 60, कांगड़ा में 18, किन्नौर में 21, कुल्लू में 97, मंडी में 76, सिरमौर में 38, सोलन में 70 और ऊना जिला में 63 फीसदी अधिक बारिश हुई। एक से 24 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य से 89 फीसदी बारिश हुई। बारिश ने अगस्त में करीब 76 वर्षों का रिकाॅर्ड तोड़ा। साल 1901 के बाद से अगस्त में नौवीं सबसे अधिक बारिश (431.3 मिलीमीटर) हुई। यह साल 1949 के बाद से अगस्त में हुई सबसे अधिक बारिश रही। इससे पहले 1927 में सबसे अधिक बारिश (542.4 मिमी) दर्ज की गई थी। अगस्त में सामान्य से 68 फीसदी बारिश दर्ज हुई। जुलाई में सामान्य बारिश हुई।
जानिए माैसम पूर्वानुमान
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में एक सप्ताह तक माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, आज राजधानी शिमला के हल्के बादल छाए हुए हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा रामपुर बुशहर व अन्य भागों से होकर गुजर रही है। ताबो में न्यूनतम तापमान 7.5 व अधिकतम तापमान ऊना में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार 26 सितंबर से 2 अक्तूबर तक अधिकांश स्थानों पर माैसम शुष्क रहने के आसार हैं। 3 से 9 अक्तूबर तक कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।