हिमखंड गिरने का भी खतरा
बुधवार को जिला कुल्लू व लाहौल में मौसम आमतौर पर साफ रहा। पहाड़ों में बिछी बर्फ से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। संवेदनशील इलाकों में हिमखंड गिरने का भी खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन ने सैलानियाें व आम लोगों को जलोड़ी दर्रा, अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर, धुंधी, सोलंगनाला व पलचान के साथ लाहौल घाटी में हुई भारी बर्फबारी से हिमखंड गिरने का अलर्ट जारी किया है।
अधिकतम तापमान
बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 19.4, कांगड़ा में 16.7, बिलासपुर 16.6, चंबा 16.5, सुंदरनगर 16.4, मंडी 15.8, नाहन 15.7, भुंतर 14.3, धर्मशाला 13.0, शिमला 8.4, मनाली 5.6, कुफरी 6.7, नारकंडा-कल्पा 5.1 और कुकुमसेरी में 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मंडी जिले में सड़कों की बहाल का कार्य जोरों पर
जिला मंडी में लगातार दूसरे दिन मौसम साफ होने के चलते बर्फबारी से बंद सड़कों को बहाल करने का कार्य तेजी से चल रहा है। सुबह से ही सिराज क्षेत्र की चार सड़कों को बहाल कर दिया गया है, शाम तक सभी सड़कों के बहाल होने की उम्मीद है। वहीं, लंबाथाच, चियुणी,चेत, शैटाधार रोड को बहाल करने के लिए विभाग की मशीनरी जुटी हुई है। जबकि सभी बिजली ट्रांसफार्मर बहाल हो गए हैं।
बर्फबारी के बाद चंबा के जनजातीय क्षेत्र में बढ़ीं लोगों की दुश्वारियां
बर्फबारी के बाद चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र के ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। क्षेत्र में बर्फबारी के साथ तापमान शून्य डिग्री से नीचे लुढ़कने पर अब जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों के लिए पेयजल आपूर्ति बहाल करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। पेयजल को बहाल करने के लिए आग जलाकर काम चलाया जा रहा है।