हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल ठियोग के जनोगघाट के पास पहाड़ी से भारी भूस्खलन होने के कारण मंगलवार को नेशनल हाईवे-5 यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एनएच बहाल हुआ। कांगड़ा के मैदानी क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही, जबकि धर्मशाला और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे बारिश शुरू हुई। हमीरपुर, ऊना, कुल्लू, मंडी और चंबा में भी मौसम साफ रहा। राजधानी शिमला में भी दिनभर मौसम साफ रहा। उधर, मणिमहेश यात्रा के लिए होली और भरमौर से नियमित हवाई उड़ानें जारी रहीं। प्रदेश में बारिश से प्रभावित सड़कों पर मंगलवार शाम तक पूरी तरह आवाजाही बहाल नहीं हो सकी। 65 सड़कें बंद रहीं।