बर्फ देखने के लिए कोकसर में उमड़े सैलानी
उधर, जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में शनिवार को मौसम सुहावना रहा। सैलानियों ने ठंडे मौसम का आनंद लिया। सैलानी बर्फ देखने की चाह में लाहौल के कोकसर पहुंचे। कुछ सैलानी कोकसर चेक पोस्ट से पैदल ही स्नो प्वाइंट तक पहुंचे। कई सैलानी एटीवी किराये पर लेकर स्नो प्वाइंट तक पहुंचे। बारिश के बीच ही पर्यटकों ने स्कीइंग और ट्यूब स्लाइडिंग का आनंद लिया। पर्यटकों ने याक की सवारी का लुत्फ उठाया। अटल टनल नॉर्थ पोर्टल से सुबह से ही कोकसर की ओर पर्यटक वाहनों को छोड़ा जा रहा है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि सैलानियों को होम स्टे और होटलों में भी ठहरने की व्यवस्था मिल रही है।
जानें 24 अप्रैल तक कैसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। जबकि 19 अप्रैल को कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। 20 व 24 अप्रैल को भी हल्की बारिश होने की संभावना है। सप्ताह के बाकि दिन माैसम साफ रहने की संभावना है। शिमला सहित अन्य भागों में शनिवार को माैसम साफ बना रहा। उधर, राज्य के कम ऊंचाई वाले व मैदानी क्षेत्रों में पारा चढ़ने लगा है। ऊना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 15.6, सुंदरनगर 13.9, भुंतर 10.1, कल्पा 4.6, धर्मशाला 14.7, ऊना 16.0, नाहन 18.1, पालमपुर 15.0, सोलन 14.0, मनाली 8.5, कांगड़ा 16.0, मंडी 14.7, बिलासपुर 19.0, जुब्बड़हट्टी 17.5, कुकुमसेरी 0.8, सेऊबाग 9.0, बरठीं 14.3, पांवटा साहिब 21.0, सराहन 7.3, देहरागोपीपुर 19.0 व ताबो में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।