हिमाचल में करीब एक हफ्ते बाद मौसम ने फिर करवट ले ली है। रोहतांग समेत प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। पर्यटक नगरी मनाली में भी हल्की बर्फबारी हुई है। वहीं, निचले मैदानी इलाकों में सुबह से ही बारिश हो रही है।
ताजा बर्फबारी के बाद समूचा प्रदेश फिर शीतलहर की चपेट में आ गया है। राजधानी शिमला में साथ लगते कुफरी, नारकंडा और खड़ापत्थर में भी सुबह के समय हल्की बर्फबारी हुई है। इससे यातायात भी बाधित होने लगा है।
वहीं, शिमला में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि 21 फरवरी तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। जबकि दो दिन 18 और 19 फरवरी को मौसम विभाग ने भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार सोमवार से अगले 6 दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी। 18 और 19 फरवरी को सूबे के कई क्षेत्रों में भारी बारिश बर्फबारी की चेतावनी है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण लगातार मौसम खराब रहने से प्रदेश में एक बार फिर से ठंड बढ़ने की उम्मीद है। रविवार को जनजातीय क्षेत्र केलांग का न्यूनतम पारा -9.7, और कल्पा का -5.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। मनाली का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री रहा।