फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HP Assembly Monsoon Session: हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र 18 सितंबर से, विधायक 743 पूछेंगे प्रश्न

Sat, 16 Sep 2023 08:53 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश की 14वीं विधानसभा का यह तीसरा सत्र 18 से 25 सितंबर तक होगा। इस सत्र की शुरुआत 18 सितंबर को दोपहर 2:00 बजे होगी।
विज्ञापन
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदन में इस बार आपदा की गूंज रहेगी। अब तक विधायकों ने 743 प्रश्न लगा लिए हैं। हाल ही में राज्य में भारी वर्षा और प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न स्थिति, सरकार की ओर से आपदा से निपटने के लिए किए प्रयास, सड़कों की दयनीय स्थिति और स्वीकृत सड़कों की डीपीआर जैसे विषयों पर विधायकों ने विधानसभा सचिवालय को प्रश्न भेजे हैं। प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों आदि को स्तरोन्नत करने, विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते आपराधिक मामलों, सौर ऊर्जा और परिवहन व्यवस्था पर भी कई प्रश्न हैं। यह जानकारी राज्य विधानसभा सचिवालय में पत्रकार वार्ता में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दी। पठानिया ने कहा कि प्रदेश की 14वीं विधानसभा का यह तीसरा सत्र 18 से 25 सितंबर तक होगा। इस सत्र की शुरुआत 18 सितंबर को दोपहर 2:00 बजे होगी। उस दिन पूर्व विधायक स्व. खूब राम को श्रद्धांजलि देते हुए शोकोद्गार होगा। इसमें सात बैठकें होंगी। 23 सितंबर को शनिवार के दिन भी यह सत्र होगा। 21 सितंबर का दिन गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया है।

विज्ञापन


तारांकित 547, अतारांकित प्रश्न 196 होंगे
पठानिया ने कहा कि सदस्यों ने प्रश्नों के माध्यम से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित मुद्दों को भी उजागर करने के लिए सवाल भेजे हैं। अभी तक 743 प्रश्नों की सूचना मिली है। इनमें तारांकित 547 प्रश्न हैं। ऑनलाइन प्रश्न 451 व ऑफलाइन 96 हैं। अतारांकित प्रश्न 196 हैं, जिनमें ऑनलाइन 144 व ऑफलाइन 52 सूचनाएं मिली हैं। इन्हें नियमानुसार राज्य सरकार को आगामी कार्यवाहीं के लिए भेजा गया है। नियम 130 के तहत 9 सूचनाएं, नियम 102 के तहत एक व नियम 324 के तहत एक सूचना मिली हैं।

 पक्ष और विपक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों को ही उठाएं : पठानिया
पठानिया ने कहा कि उनका सत्ता पक्ष व विपक्ष के सदस्यों से अनुरोध रहेगा कि वे जनहित से जुड़े मुद्दों को ही सदन में उठाएं तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा की परंपराओं तथा गरिमा का सम्मान करते हुए नियमों की परिधि में रहकर जनहित से संबंधित विषयों पर सदन में सार्थक चर्चा करें। वे सत्र के संचालन में अपना रचनात्मक सहयोग दें। सत्र अविलंब चलता रहे। इसके लिए रविवार को अपराह्न एक बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा आदि शामिल होंगे।
विज्ञापन

 

विज्ञापन

इस सत्र में भी हो सकता है शून्यकाल

विधानसभा में इस बार शून्यकाल की व्यवस्था की जा सकती है। प्रश्नकाल में सदन की कार्यवाही बाधित न हो, इसलिए इसका प्रावधान किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि यह प्रावधान इसी मानसून सत्र से भी किया जा सकता है। हालांकि राज्य विधानसभा में प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के तहत जिस तरह का प्रावधान पहले से ही है, वैसा ही शून्यकाल में रहता है। शून्यकाल में ऐसे विषय उठाए जाते हैं, जो महत्वपूर्ण हों।

कांग्रेस और भाजपा कल बनाएंगे रणनीति
राज्य विधानसभा के मानसून सत्र में एक-दूसरे की घेराबंदी के लिए भाजपा और कांग्रेस सोमवार सुबह रणनीति बनाएंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में ओक ओवर में सोमवार सुबह बुलाई है। इसी तरह से भाजपा विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर में होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें