मानव भारती विश्वविद्यालय सोलन के फर्जी डिग्री मामले की जांच का जिम्मा सरकार ने सीआईडी को सौंप दिया। जांच के लिए एडीजीपी वेणुगोपाल की अध्यक्षता वाली 19 सदस्यीय टीम का गठन कर दिया गया है। यह जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को विधानसभा में कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा की ओर से उठाए सवाल के जवाब में दी। सीएम ने कहा कि इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग से भी संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि फर्जी डिग्रियां बांटने से बड़ा हिमाचल में कोई पाप नहीं हो सकता। एक आकलन है कि फर्जी डिग्रियां हजारों में नहीं, लाखों में देश-विदेश में बांटी गईं हैं।