हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 का संभावित अकादमिक शेड्यूल तय कर लिया है। इसमें पीजी कोर्स और अपने संस्थानों के यूजी कोर्स की प्रवेश परीक्षा, काउंसलिंग कक्षाओं से लेकर परीक्षा और अवकाश की तिथियाें के साथ पूरा शेड्यूल जारी किया है। इसे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। सत्र 2022-23 एक मई तक पीजी कोर्स की होने वाली प्रवेश परीक्षाओं और मेरिट आधार पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन से सत्र की शुरूआत होगी। 11 जून को डिप्लोमा कोर्स के लिए आवेदन भरे जा सकेंगे। विवि के प्रवेश परीक्षा आधारित कोर्स की प्रवेश परीक्षाएं 17 मई से शुरू होगी जो एक जून तक चलेंगी।
एलएलएम की प्रवेश परीक्षा के लिए 20 सितंबर को प्रवेश परीक्षा तिथि तय की गई है। 18 जून 2022 को प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने, 24 सितंबर को एलएलम प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित करने की संभावित तिथि रहेगी। विवि की सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए एक अगस्त से लेकर 5 अगस्त तक तक काउंसलिंग होगी, जबकि एमएड और एमए एजूकेशन के लिए काउंसलिंग की तिथि बाद में तय की जाएगी। डिप्लोमा कोर्स की काउंसलिंग की प्रक्रिया 6 और सात अगस्त को प्रस्तावित की गई है।
नॉन सब्सिडाइज्ड सीटों के लिए आठ अगस्त से काउंसलिंग होगी। विश्वविद्यालय के संभावित शेड्यूल के अनुसार पीजी कोर्स के तीसरे, पांचवें, सातवें और नवें सेमेस्टर की नियमित कक्षाएं एक अगस्त से शुरू हो जाएंगी, जबकि नौ अगस्त से पहले सेमेस्टर की कक्षाएं शुरू होंगी और बारह नवंबर तक चलेंगी। दूसरे, चौथे, छठे, आठवें और दसवें सेमेस्टर की कक्षाएं बीस फरवरी से शुरू हो कर 25 मई तक संचालित की जाएंगी।
एमए फिजिकल एजूकेशन, एमपीएड वार्षिक प्रणाली की कक्षाएं नौ जुलाई 2022 से शुरू होंगी और 31 दिसंबर 2022 तक,20 फरवरी 2023 से चार अप्रैल 2023 तक चलेगी। एलएलएम की कक्षाएं छह अक्तूबर से शुरू होंगी और 31 दिसंबर तक चलेगी। पीजी डिप्लोमा आर्गेनाइजेशनल साइकोलॉजी, एनवायरमेंटल, क्लीनिकल साइकोलॉजी की कक्षाएं 20 फरवरी 2023 से शुरू होगी और 18 मार्च 2023 तक संचालित की जाएगी।
शेड्यूल में अवकाश आष्ैर परीक्षा की तैयारी के लिए दिए गए समय भी तय किया गया है। विश्वविद्यालय 18 नवंबर 2022 से 31 दिसंबर तक 44 दिनों में पहले तीसरे, पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित करेगा। 31 मई से 30 जून 2023 तक दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रस्तावित की गई है। शेडयूल में साफ किया है कि अगले सत्र में कुल 183 दिन शिक्षण कार्य होगा, 51 दिनों की सर्दियों की और पांच दिन की गर्मियों की छुट्टियां होगी। जबकि 85 दिन परीक्षाओं की तैयारियों को मिलेंगे। सत्र में 14 दिन के सार्वजनिक अवकाश रहेंगे।