हमीरपुर में मंगलवार को सामने आए दोनों कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के सभी संपर्कों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सुजानपुर को इस गांव व आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सील करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके साथ ही कंटेनमेंट और बफर जोन बनाकर रोजाना कर्फ्यू में मिलने वाली ढील को भी तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। अब लोगों को पंचायत से बाहर निकलने और आने पर पूर्ण पांबदी रहेगी।
इस प्रकार जिला हमीरपुर में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या छह हो गई है। जिनमें से जोलसप्पड और हमीरपुर की बजूरी पंचायत के दो लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि बिझड़ी और गलोड के दो लोग पहले से भोटा अस्पताल में भर्ती हैं। उधर, उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि सुजानपुर उपमंडल में दिल्ली से लौटे दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों को कोविड-19 केयर सेंटर एवं अस्पताल भोटा में शिफ्ट कर दिया गया है।