एचपीटीडीसी प्रबंध निदेशक ने आईआरसीटीसी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक से मुलाकात की।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के टूर पैकेज और डिस्काउंट कार्ड अब आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर भी बुक होंगे। सोमवार को एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार ने नई दिल्ली स्थित आईआरसीटीसी के कॉर्पोरेट कार्यालय में निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार जैन के साथ बैठक कर इसको लेकर विचार-विमर्श किया। बीते दिनों दोनों संस्थाओं के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के बाद भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं को तलाशने के लिए यह बैठक आयोजित की गई। पर्यटन निगम के होटलों में कमरों की बुकिंग और डिस्काउंट कार्ड के भुगतान के लिए भी आईआरसीटीसी का पेमेंट गेटवे इस्तेमाल हो सकेगा और पर्यटन निगम की वेबसाइट पर बुकिंग कंफर्म होगी।
बैठक के दौरान ट्रेन, होटल और साइटसीन को मिलाकर ऑल इन वन हिमाचल पैकेज तैयार करने पर भी चर्चा की गई। आईआरसीटीसी के पूरे देश में करोड़ों उपयोगकर्ता हैं, पर्यटन निगम का प्रयास इन ग्राहकों तक सीधी पहुंच बनाना है। पर्यटन निगम आईआरसीटीसी के साथ मिलकर अपनी संपत्तियों (होटलों और रिसॉर्ट्स) की ऑक्यूपेंसी बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। मौजूदा समय में पर्यटन निगम वित्तीय चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में आईआरसीटीसी के सहयोग से निगम राजस्व बढ़ाने की कोशिश में है। पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि निगम अब विभिन्न संस्थानों और कॉर्पोरेट घरानों के साथ भी तालमेल बढ़ाने की योजना बना रहा है, ताकि पर्यटन निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके। आईआरसीटीसी के साथ किए गए समझौते से न केवल पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि हिमाचल के पर्यटन को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। बैठक में पर्यटन एवं विपणन निदेशक राहुल हिमालयन, समूह महाप्रबंधक प्रोमिला गुप्ता और महाप्रबंधक प्रदीप कुमार धीमान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।