सिरमौर के पांवटा साहिब इलाके में सड़क हादसों का सिलसिला बदस्तूर जारी है। पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे 707 पर तारूवाला के समीप तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गया। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पांवटा शहर के वार्ड नंबर आठ एसएएस कॉलोनी निवासी मनीत सिंह (31) पुत्र तेजेंद्र सिंह बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा था। पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे पर तारूवाला के समीप अचानक अनियंत्रित होकर वह सड़क किनारे पार्क कर रखे एक ट्रैक्टर से टकरा गया।
टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बाइक चकनाचूर हो गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक पांवटा की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पांवटा थाना से पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मुख्य आरक्षी देवेंद्र सिंह की अगुवाई में पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और फिर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि बाइक सवार काफी तेज गति से चल रहा था जिस वजह से यह हादसा पेश आया। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे की गंभीरता से जांच की जा रही है।