आईजीएमसी शिमला में स्क्रब टायफस से पहली मौत हुई है। पीड़ित युवक शिमला के नजदीक चलौंठी का रहने वाला बताया जा रहा है। तेज बुखार के चलते युवक को अस्पताल में दाखिल किया गया था।
यहां पीड़ित की मौत हो गई। स्क्रब टायफस से मौत की पुष्टि आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद ने की है।
शिमला जिले का अठारह साल का युवक चौदह अगस्त को अस्पताल में इलाज के लिए आया था। पीड़ित को तेज बुखार सहित जोड़ों में दर्द की शिकायत थी, लेकिन पंद्रह अगस्त को उसकी मौत हो गई।
दूसरी ओर, युवक की चार दिन बाद मौत की पुष्टि करवाने पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर क्यों प्रबंधन को इस बारे में पता नहीं चला?
प्रबंधन का तर्क है कि रिपोर्ट देर से आई है। इसके बाद अस्पताल में स्क्रब टायफस से मौत का खुलासा हो पाया है। अस्पताल में पॉजिटिव मामलों के बढ़ने के बाद से शहर सहित आसपास के लोग काफी सहम गए हैं।
अस्पताल में सामान्य बुखार के उपचार के लिए भी लोगों की भीड़ अस्पताल में बढ़ रही है। अस्पताल में स्क्रब टायफस के चार दिन के भीतर 30 से अधिक पॉजिटिव मामले पाए गए हैं।