हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले के पांवटा साहिब में विश्वकर्मा चौक के समीप कहासुनी के बाद शिलाई के व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों की घटना में संलिप्तता सामने आई है। जिसकी हत्या हुई, उसकी पहचान भाव सिंह (54) पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत, कोटी उतरउ, तहसील शिलाई के रूप में हुई है। भाव सिंह सब्जी लेने के लिए पांवटा साहिब आया था। पुलिस के अनुसार देर रात वह विश्वकर्मा चौक स्थित टेंपू स्टैंड के समीप मोहम्मद आमिर और रेखा के साथ बैठा था। तीनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और रात को साथ में खाने-पीने बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर भाव सिंह पर नुकीले हथियार से वार किया गया।