हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला और सरदार वल्लभ पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपतियों का चयन करने के लिए सर्च कमेटी का गठन हो गया है। राजभवन सचिवालय ने इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है। दिल्ली विवि के कुलपति योगेश सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी एचपीयू का नया वीसी चुनेगी। इस कमेटी में गोरखपुर विवि के पूर्व कुलपति सुरेंद्र कुमार दुबे को सदस्य नियुक्त बनाया गया है। एक सदस्य राज्य सरकार की ओर से तय किया जाएगा। इस कमेटी की पहली बैठक 30 अक्तूबर को होगी।
उधर, मंडी विश्वविद्यालय का कुलपति चुनने का जिम्मा बीकानेर तकनीकी विवि कोटा, राजस्थान के पूर्व कुलपति एचडी चरण को सौंपा गया है। इस कमेटी में मदन मोहन मालवीय यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नालॉजी गोरखपुर के पूर्व कुलपति जेपी पांडे को सदस्य बनाया गया है। तीसरा सदस्य राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा। इस कमेटी की पहली बैठक 31 अक्तूबर को होगी। राज्य सरकार की ओर से दोनों सर्च कमेटियों के लिए अभी तक अपना सदस्य तय नहीं किया गया है।
राजभवन ने सरकार को इस बाबत दोबारा से रिमांडर भेजा है। उधर, हिमाचल विश्वविद्यालय के कुलपति का अभी केंद्रीय विवि के कुलपति प्रो. एसपी बंसल को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। राज्यसभा सांसद बनने के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार ने ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। मार्च 2022 से एचपीयू के वीसी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। मंडी विवि में अभी कुलपति का पद रिक्त है।