हिमाचल प्रदेश में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में गड़बड़ी सामने आई है। देसी घी, सरसों तेल और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के दलिया समेत चार नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। विभाग ने इन्हें सबस्टैंडर्ड और मिसब्रांडेड पाया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
इन मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप ने विभिन्न स्थानों से ये नमूने एकत्र किए थे। इनकी जांच सीटीएल कंडाघाट सोलन में खाद्य विश्लेषक रिपु दमन कुमार ने की। जांच रिपोर्ट में सभी नमूने अलग-अलग कारणों से खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की बात कही है।