गडकरी ने कहा कि हमारा देश धनवान है, लेकिन भ्रष्टाचार, घोटाले, भूखमरी और गलत आर्थिक नीतियों, दृष्टिहीन नेतृत्व ने देश को नुकसान पहुंचाया है। प्रधानमंत्री के पद पर जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, मनमोहन और अब राहुल आए हैं।
सभी ने गरीबी मिटाने के बड़े बड़े दावे तो किए, लेकिन उन्होंने अपने चेले-चमचों की गरीबी ही हटाई है। गडकरी बुधवार को सांगला के कलामंच से किन्नौर जिले के जिला मुख्यालय रिकांगपिओ सहित कल्पा, निचार और पूह से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए।
दोपहर 12:40 बजे मंच पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि किन्नौर की संस्कृति सभ्यता और यहां की प्राकृतिक सुंदरता लाजवाब है। यहां सड़क, हेलीपैड, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होनी चाहिए।
आजादी के 72 साल बाद भी इस जिले का विकास नहीं हो पाया है। जिले में बेहतर सड़कें, एयरपोर्ट, पीने के पानी की व्यवस्था और स्कूल अस्पतालों में शिक्षकों और डॉक्टरों के पद रिक्त हैं।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश चुनाव प्रभारी तीरथ सिंह रावत, जिला प्रभारी एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता शशि दत्त, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं उपाध्यक्ष वन निगम हिमाचल प्रदेश सूरत नेगी, पूर्व विधायक तेजवंत नेगी, जिलाध्यक्ष विनय नेगी, बीरबल नेगी, नरेंद्र नेगी, महेश्वर सिंह, परविंद्र नेगी, सुनील नगी, देवऋषि नेगी, यशवंत नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।